भारतीय शिशु अकादमी द्वारा ओआरएस दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अलीगढ़ न्यूज़: भारतीय शिशु अकादमी (आईएपी), अलीगढ़ शाखा द्वारा शेखर सर्राफ मेमोरियल हॉस्पिटल में ओआरएस दिवस के अवसर पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अस्पताल की संस्थापिका श्रीमती लाजेश कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रीमती लाजेश कुमारी ने कहा कि बच्चों में होने वाले दस्त से बचाव एवं मृत्यु दर को कम करने में ओआरएस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनजागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा भारतीय शिशु अकादमी द्वारा किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है।
भारतीय शिशु अकादमी, अलीगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बंसल ने ओआरएस के सही एवं समय पर उपयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को ओआरएस के प्रयोग की सही जानकारी होना आवश्यक है।
शाखा के सचिव डॉ. अभिषेक शर्मा ने उपस्थित लोगों को दस्त की रोकथाम, समय पर उपचार तथा ओआरएस और जिंक के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ संजीव कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि जागरूकता ही बच्चों को दस्त से होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि दस्त होने पर बिना देरी किए ओआरएस देना शुरू करें तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें।
इस अवसर पर आईएपी परिवार की ओर से डॉ योगेन्द्र द्विवेदी ने मुख्य अतिथि श्रीमती लाजेश कुमारी को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। आईएपी के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीमती लाजेश कुमारी का स्नेह, मार्गदर्शन एवं सहयोग संस्था को निरंतर मिलता रहा है और हमें विश्वास है कि भविष्य में भी बच्चों के स्वास्थ्य एवं जनहित से जुड़े अभियानों में उनका सरंक्षण एवं सहयोग इसी तरह प्राप्त होता रहेगा।
कार्यक्रम में शेखर सर्राफ मेमोरियल हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ विजय कुमार, डॉ अनूप कुमार एवं डॉ यूसुफ सिद्दीकी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

