रात्रि जागरण के साथ चारों प्रहर में संपन्न हुई महादेव की आराधना
अलीगढ़ न्यूज़: भगवान शिव को समर्पित सनातन आस्था का महापर्व शिवरात्रि बड़े धूम धाम से मनाया गया। काँवडियाओं के लिए जहाँ लोगों ने विभिन्न सहूलियत के लिए शिविर लगाए वहीं शिवालयों में रुद्राभिषेक के लिए भक्तों का ताँता लगा रहा। इसी क्रम में वैदिक ज्योतिष संस्थान के तत्वावधान में इगलास के निकट पाताल खेड़िया स्थित कुमारेश्वर महादेव मंदिर पर स्वामी श्री पूर्णानंदपुरी जी महाराज के सानिध्य में पूजन अर्चन करवाया गया।
रविवार रात्रि 10 बजे से आगरा रोड पाताल खेड़िया स्थित कुमारेश्वर महादेव मंदिर पर स्वामी श्री पूर्णानंदपुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आचार्य गौरब शास्त्री, रवि शास्त्री, शिवम शास्त्री एवं विनीत शास्त्री आदि विद्वानों ने वैदिक विधि विधान एवं मन्त्रोंच्चार के साथ संस्थान के सदस्यों द्वारा चार प्रहर का पूजन अर्चन करवाया जिसके तहत पहले चरण में भगवान गणेश, भूमि, एवं अन्य देवी देवताओं का आवाहन कर भगवान शिव का दूध, दही, घी, शहद, बूरा से रुद्राभिषेक किया गया। वहीं स्तुतियों और प्रार्थनाओं से मंदिर परिसर में शिवमय वातावरण हो गया।
स्वामी जी ने मंदिर परिसर में उपस्थित दर्जनों श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव करुणा, त्याग और कल्याण के प्रतीक हैं। महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व हमें धर्म, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। महाशिवरात्रि पर्व आत्मशुद्धि, संयम और साधना का पर्व है, जो व्यक्ति को आंतरिक शक्ति प्रदान करता है। दूसरे एवं तीसरे प्रहर में भजन-कीर्तन एवं ध्यान साधना का आयोजन हुआ।
शिवम शास्त्री एवं रवि शास्त्री ने शिव महिमा का संगीतमय गुणगान प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
चतुर्थ एवं अंतिम प्रहर में भव्य महाआरती सम्पन्न हुई। और स्तुतियों के माध्यम से देवाधिदेव महादेव की आराधना की गयी।
वहीं खेरश्वर महादेव, अचलेश्वर महादेव सहित शहर के अन्य शिवालयों में भगवान शिव के दर्शन और पूजन अर्चन कर रात्रि जागरण भी किया गया।
इस अवसर पर अकराबाद ब्लॉक प्रमुख ठा. राहुल सिंह, तेजवीर सिंह, नवीन चौधरी, डौली सिंह, शिब्बू अग्रवाल, आशीष जैन, सौरभ शर्मा, कपिल शर्मा, निपुण उपाध्याय, रविन्द्र चौधरी, दीप गुप्ता, पवन तिवारी, भोलू ठाकुर, स्वाती वशिष्ठ, जितेंद्र गोविल सहित दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

