गोद लिए गए क्षय रोगियों को वितरित की गईं पोषण पोटलियां
अलीगढ़: जिला विकास अधिकारी श्री आलोक आर्य की अध्यक्षता में “पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जिला स्तरीय विभागों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंतर्गत संबंधित विभागों द्वारा गोद लिए गए क्षय रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की गई, जिससे उनके उपचार और पोषण स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विकास अधिकारी श्री आलोक आर्य ने कहा कि पोषण क्षय रोगियों के शीघ्र उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभिन्न विभागों द्वारा गोद लिए गए मरीजों को समय पर पोषण सामग्री उपलब्ध कराना एक संवेदनशील और उत्तरदायित्वपूर्ण कार्य है, जो जनभागीदारी की दिशा में सशक्त कदम है।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित पोषण अत्यंत आवश्यक है। क्षय रोगियों को नियमित दवा के साथ पोषण समर्थन मिलने से उनके उपचार की गति तेज होती है। ऐसे कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री सतेन्द्र कुमार (DPC, क्षय रोग विभाग) एवं श्री पियूष सेंगर की विशेष भूमिका रही। दोनों द्वारा विभागीय समन्वय एवं योजना के माध्यम से पोषण सामग्री के सुचारु वितरण को सुनिश्चित किया गया।
इस अवसर पर सभी गोद लेने वाले अधिकारियों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया और भविष्य में इस पहल को और अधिक प्रभावशाली बनाने का आह्वान किया गया।

