ईंट भट्टा श्रमिकों को टीबी के प्रति किया जागरूक
अलीगढ़ न्यूज़: राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने हेतु अलीगढ़ जिले के विभिन्न ईंट भट्टों पर जाकर विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
टीबी नियंत्रण टीम द्वारा संभावित लक्षणयुक्त श्रमिकों की पहचान की गई एवं उन्हें निःशुल्क जांच और उपचार हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, भट्टा मालिकों को भी टीबी के लक्षण, उपचार और सरकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि ईंट भट्टों जैसे कठिन श्रम स्थल पर कार्यरत श्रमिक अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं से दूर रह जाते हैं। ऐसे स्थानों पर जाकर स्क्रीनिंग करना बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि समय पर संभावित मरीजों की पहचान कर इलाज शुरू किया जा सके। यह अभियान जनपद में टीबी नियंत्रण की दिशा में एक ठोस कदम है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल शर्मा ने कहा कि ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले श्रमिकों को टीबी की आशंका अधिक होती है। समय पर जांच, निःशुल्क उपचार और पोषण सहायता के माध्यम से उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर लौटाया जा सकता है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक सतेंद्र कुमार ने बताया कि
इस अभियान के माध्यम से हम ऐसे संवेदनशील वर्गों तक पहुंच बना रहे हैं जो सामान्यतः स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते हैं। भट्टा मालिकों ने भी टीबी जागरूकता में सक्रिय सहयोग दिया, जिससे संभावित मरीजों को चिन्हित करना और भी आसान हुआ।
साथ ही जनता से अपील की गई कि यदि दो हफ्ते से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन में गिरावट या रात में पसीना आता है — तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क टीबी जांच अवश्य कराएं।
#TBMuktBharat #AligarhFightsTB #NikshayPoshanYojana #StopTB #ActiveCaseFinding

