एल.आई.सी. ने किये सेवा और विश्वास के 61 वर्ष पूर्ण, 1 सितम्बर से बीमा सप्ताह की शुरूआत
Published: September 1, 2017 at 8:35 pm

वीपीएल न्यूज़, अलीगढ़- एल.आई.सी. ऑफ इण्डिया 01 सितम्बर, 2017 को निगमीकरण एवं सेवा और विश्वास के 61 वर्ष पूर्ण कर रहा है। जनता के धन का उपयोग जनकल्याण हेतु करने के उद्देश्य के साथ ही एल.आई.सी. ने जीवन बीमा को जन-जन तक पहुॅचानें में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया है। एलआईसी के 61वें स्थापना दिवस पर के अवसर पर अलीगढ़ मण्डल के वरि0 मण्डल प्रबंधक अरूण पाल ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुये अखिल भारतीय एवं मण्डलीय स्तर पर विभिन्न मापदंडों के आधार पर एल.आई.सी. के प्रदर्शन एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
वरिष्ठ मण्डल प्रबंधक अरुण पाल ने बताया कि निगम की 61वें वर्षगांठ के इस अवसर पर शुक्रवार से बीमा सप्ताह (01.09.2017 से 07.09.2017) कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसकी शुरुआत मुख्य अतिथि डाक्टर मो. इसरारुल हक़, सदस्य क्षेत्रीय सलाह्कार बोर्ड एवं पूर्व डीन एवं चेयरमैन, बिज़नेस प्रबंध संकाय, अलीगढ मुस्लिम युनिवर्सिटी एवं अरुण पाल ने ध्वजारोहण करके किया।
डाक्टर मो. हक़ ने फीता काटकर ग्राहक सुविधा पटल का उद्घाटन किया।
डाक्टर मो. इसरारुल हक़ ने कहा कि निगम के उत्तरोत्तर चहुमुखी विकास में निगम के मानवबल का विशेष योगदान रहा है। इस अवसर पर श्री हक़ ने कहा कि विश्व के अत्यन्त सफल व्यक्ति, संस्था केवल अनुकूल परिस्थियों में नहीं वरन विपरीत परिस्थितियों-चुनोतियों को भी अवसर में परिवर्तित कर सफलता प्राप्त कर लेते है। श्री हक़ ने कहा कि निगम की ग्राहकोन्मुखी सेवा एवं सहज दावा भुगतान प्रक्रिया ने ग्राहकों एवं आम जन मानस में विश्वास एवं सेवा की एक अलग पहचान बनाई है।
अरुण पाल ने अपने सम्बोधन में एलआईसी के सुरक्षा एवं विश्वास के 61 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। श्री पाल ने निगम की 61 वर्षों की यात्रा एवं इसमे आये विभिन्न चुनौतियों एवं अवसरों से भी लोगों को अवगत कराया। श्री पाल ने समस्त कर्मचारियों, अधिकारियों, अभिकर्ताओं का आह्वान किया कि वह पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ बीमाधारकों की सेवा करें।
अरुण पाल ने बताया कि वर्ष 1956 में रु. 5 करोड़ की पूॅजी से स्थापित एल.आई.सी. के पास आज 25.72 लाख करोड़ से अधिक की परिसम्पत्तियॉ और रु. 23,23,802.59 करोड़ का लाइफ फण्ड है। वर्ष 2016-17 के दौरान रू. 124396.27 करोड की कुल प्रथम प्रीमियम आय के साथ भारतीय जीवन बीमा निगम ने नव व्यवसाय प्रथम प्रीमियम में 27.22% की वृद्धि दर्ज की। साथ ही वर्ष 2016-17 में 215.58 लाख दावों का निस्तारण कर कुल रु. 112700.61 करोड़ का भुगतान किया गया।
वर्ष 2016-17 में अलीगढ़ मण्डल ने 132558 पॉलिसियों के अन्तर्गत रू. 214.97 करोड़ की कुल प्रथम प्रीमियम आय का अर्जन किया है। चालू वित्तीय र्वा (2016-17) में 31.08.2016 तक अलीगढ़ मण्डल ने निर्धारित कुल प्रथम प्रीमियम लक्ष्य का 38.20% बजट पूरित कर लिया है। निगम की पेंशन योजना जीवन अक्षय-vi अलीगढ़ मण्डल में अत्यन्त लोकप्रिय हो रही है। इस प्रोडक्ट में 31.91 करोड़ की राशि निवेशकों ने लगाई। अलीगढ़ मण्डल ने नव-व्यवसाय के साथ साथ दावा भुगतान में सराहनीय कार्य किया। वर्ष 2016-17 में अलीगढ़ मण्डल ने 169242 पूर्णावधि दावों के अन्तर्गत 534 करोड़ का दावा भुगतान किया। इसके अतिरिक्त 5743 पॉलिसियों के मृत्यु दावा में 73.34 करोड़ की राशि का भुगतान किया। मृत्यु दावा में अलीगढ़ मण्डल ने शत प्रतिशत दावों का भुगतान किया जो कि अन्तराष्टीय स्तर पर भी अद्वितीय है।
एल.आई.सी. प्रतिवर्ष समाज के आर्थिकरुप से कमजोर बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु गोल्डन जुबली फाउण्डेशन के अंतर्गत, जब तक वे स्नातक/ व्यवसायिक पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं कर लेते हैं, रू 10000 स्कॉलरशिप मुहैया कराती है। गोल्डन जुबली फाउण्डेशन की छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अब तक 15196 छात्र लाभंवित हो चुके हैं। इस वर्ष एल.आई.सी. ने विभिन्न क्षेत्रों में 33 पुरस्कार प्राप्त किये हैं।
इस अवसर पर विपणन प्रबंधक भूपाल सिंह, मण्डल कार्यालय के समस्त प्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी, अभिकर्तागण एवं सेवा निवृत्त कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अलका भाल ने किया। कार्यक्रम के अंत में विपणन प्रबंधक भूपाल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Leave a Comment